फतेहपुर। जनपद में बच्चों को लालच देकर उनसे चोरी कराने वाले गिरोह का सदर कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गिरोह के सदस्य बच्चों को अपने जाल में फंसाकर उनसे जेवरात चोरी करवाते थे। इतना ही नहीं, चोरी की वारदातों के दौरान बच्चों के वीडियो भी बनाए जाते थे और बाद में उन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सदर कोतवाली पुलिस ने चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों रहमान खान और अरम को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चों को लालच देकर चोरी जैसी वारदातों में शामिल करते थे। इसके बाद उनके वीडियो बनाकर उन्हें डराया-धमकाया और ब्लैकमेल किया जाता था, ताकि बच्चे उनकी बात मानने को मजबूर रहें।
सदर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्चों को अपराध की दुनिया में धकेलने वाले इस गिरोह के खुलासे के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
सवाल यह है कि आखिर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे अपराधियों के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है? पुलिस की आगे की जांच में कई और राज खुलने की उम्मीद है।







