फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पति की आत्महत्या का मामला सामने आया है। पत्नी से विवाद के बाद पति ने यह खौफनाक कदम उठाया। दरअसल, शराब के नशे को लेकर पत्नी से पति का विवाद हुआ था। सोमवार की देर रात पति फांसी के फंदे में झूल गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के करमोन गांव निवासी लवकुश (42) की शादी पड़ोस के ही गांव में रहने वाली सोनी देवी नामक महिला से हुई थी। दंपति से चार बच्चे थे। दोनों के बीच लगातार शराब को लेकर विवाद गहराया हुआ था। दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ था।
घर लौटने पर घटना की जानकारी
बताया जा रहा है कि पति लवकुश शराब का लती था। नशे का विरोध करने पर आए दिन दोनों के बीच विवाद होते रहता था। सोमवार की रात को भी लवकुश और सोनी के बीच शराब के नशे को लेकर झगड़ा हुआ था। इस बीच घर में मौजूद बच्चों ने बीच-बचाव किया तो लवकुश ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर पड़ोस में ही एक शादी समारोह में चली गई थी। इस बीच पति लवकुश घर में अकेला था। जब पत्नी देर रात करीब 11 बजे बच्चों के साथ वापस घर लौटकर दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब न मिला। इस पर खिड़की से झांक कर देखा तो लवकुश छत में लगे हुक से रस्सी के सहारे फांसी के फंदे से लटक रहा था।
शव देखकर निकल गई चीख
नजारा देखकर पत्नी और बच्चे चीख पड़े। शोर शराबा सुनकर आस-पड़ोस के साथ ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। उधर, फंदे पर युवक के लटके होने की खबर मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान युवक के आत्महत्या करने का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।







