फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में नशा एक परिवार के लिए काल बन गया। दरअसल शराब के नशे में पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। उसके बाद मानसिक तनाव आए पति ने जहर खा लिया। हादसे में मौत हो गई। युवक के इस आत्मघाती कदम से परिवार में कोहराम मच गया। उधर, बगैर पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

नशे की हालत में घर पहुंचा था पति
जानकारी के मुताबिक, ललौली थाना क्षेत्र के उमरपुर भोदर गांव निवासी दिवंगत भोला सिंह चौहान का बेटा बृजेश सिंह चौहान (48) खेती किसानी कर परिवार का गुजर-बसर करता था। साथ ही शराब का आदी भी था। बृजेश की शादी सरिता सिंह के साथ हुई थी। दंपति के दो बेटे बादल सिंह और अनिकेत सिंह हैं। इनमें बड़ा बेटा बादल हरियाणा के गुरुग्राम में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वहीं अनिकेत गांव में ही माता-पिता के पास रहता है। बताया जा रहा है बुधवार को छोटा बेटा अनिकेत रिश्तेदारी के निमंत्रण में गया था। रात करीब 10 बजे बृजेश नशे की हालत में आया और घर में मौजूद अकेली पत्नी सरिता से विवाद करने लगा।
बगैर सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार किया
झगड़े के बाद डिप्रेशन में आकर बृजेश ने जहर निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि ऐसी कोई घटना संज्ञान में नहीं है।







