फतेहपुर। पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति के अध्यक्ष विद्याभू के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी फतेहपुर को पत्र सौंपकर पॉलीक्लिनिक सैनिक भवन के लिए निर्धारित भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
समिति की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि पॉलीक्लिनिक सैनिक भवन के निर्माण के लिए भूमि को लेकर पूर्व में कई बार साक्ष्यों के साथ जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कार्रवाई लंबित है।
समिति ने बताया कि अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के न्यायालय ने नगर पालिका फतेहपुर की ओर से भूमि विभाजन को लेकर दायर वाद को खारिज कर दिया है। न्यायालय के निर्णय में स्पष्ट किया गया है कि उक्त भूमि का पूर्व में ही तत्कालीन जिलाधिकारी फतेहपुर द्वारा भूमि विभक्ति कर दी गई थी और इसके एवज में 1,08,731 रुपये प्राप्त किए गए थे।
पूर्व सैनिकों का आरोप है कि भूमि का विभाजन पहले ही हो जाने के बावजूद नगर पालिका फतेहपुर द्वारा उक्त जमीन पर कब्जा कर अटल बिहारी वाजपेयी पार्क का निर्माण करा दिया गया। समिति का कहना है कि वर्ष 2020 से लगातार इस मामले की शिकायत सक्षम अधिकारियों से की जा रही है।
समिति ने आरोप लगाया कि पॉलीक्लिनिक सैनिक भवन की जमीन पर अवैध कब्जे के कारण पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हित प्रभावित हो रहे हैं। सीधे तौर पर कब्जा रोकने का प्रयास करने पर विवाद और कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका भी जताई गई।
समिति ने जिलाधिकारी से करीब 26 हजार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए न्यायालय के फैसले का अनुपालन कराने तथा नगर पालिका द्वारा किए गए कब्जे को हटवाने की मांग की है।
इसके साथ ही मिलिट्री लैंड रिकॉर्ड में दर्ज पॉलीक्लिनिक सैनिक अस्पताल की जमीन, जो वर्तमान में खाली पड़ी है और जिसकी चारों तरफ बाउंड्री कराई गई है, वहां पॉलीक्लिनिक भवन का निर्माण कराने की मांग भी की गई है।
इस न्यायालयी फैसले को पूर्व सैनिकों के लिए ऐतिहासिक बताते हुए संगठन ने खुशी जताई। इस अवसर पर राजेश कुमार शुक्ला, देवेंद्र कुमार शुक्ला, शिवपूजन मिश्रा, रामराज अवस्थी, यदुनंदन सिंह यादव, एसपी सिंह, सुमन मौर्य सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मेजर जनरल अमित सोहाल, विशिष्ट सेवा मेडल, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, सब एरिया पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं बिहार से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल अटल बिहारी वाजपेयी पार्क में चली गई जमीन को वापस लेकर वहां पॉलीक्लिनिक भवन का निर्माण कराने की मांग रखेगा।
Trending Now
पूर्व सैनिकों ने डीएम को सौंपा पत्र, पॉलीक्लिनिक की जमीन से कब्जा हटाने की मांग
👁 27.7K views







