फतेहपुर, 9 अप्रैल। अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने भगवान श्री विष्णु के छठे अवतार, ज्ञान, तपस्या और पराक्रम के प्रतीक भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव (प्राकट्य दिवस) के पावन अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी फतेहपुर के माध्यम से उप जिला अधिकारी प्रदीप रमन को सौंपा।
महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने कहा कि भगवान श्री परशुराम सनातन धर्म के महान संवाहक हैं और समाज में उनके प्रति गहरी आस्था और विश्वास है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाते हैं और शोभायात्राएं भी निकाली जाती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि परशुराम जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है, तो अधिक से अधिक लोग एकत्रित होकर अपने आराध्य की पूजा-अर्चना कर सकेंगे, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष रामगोपाल शुक्ला, गजेंद्र मौर्य, जिला अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, स्वामी राम आसरे आर्य, करण सिंह पटेल, डॉ. प्रमोद पांडे, अनमोल शुक्ला, दीपक यादव, मुकेश चौरसिया, संतोष नेता, राज शर्मा, गौरी शंकर दुबे, महिला जिला अध्यक्ष संगीता गुप्ता, सुधा सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






