फतेहपुर। जनपद पुलिस द्वारा गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में 121 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सौंपे गए। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का लगातार परीक्षण एवं अनुश्रवण किया जाता है। जैसे ही कोई गुम मोबाइल दोबारा सक्रिय होता है, पोर्टल के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे बरामद कर लेती है।
इस अभियान में जनपद की साइबर सेल, CCTNS टीम तथा थाना स्तर की पुलिस समन्वित रूप से कार्य कर रही है। कई मोबाइल फोन अन्य जनपदों और दूरस्थ क्षेत्रों से भी बरामद किए गए, जिसके बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद पुलिस आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और शीघ्र बरामदगी के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन जल्द से जल्द उनके स्वामियों को वापस मिल सकें।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि CEIR पोर्टल और पुलिस टीमों के समन्वित प्रयासों से मोबाइल बरामदगी अभियान लगातार सफल हो रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और स्थानीय पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Trending Now
फतेहपुर पुलिस ने लौटाई 121 लोगों की मुस्कान, 20 लाख रुपये के 121 गुम मोबाइल मालिकों को किए सुपुर्द
👁 38.4K views







