फतेहपुर जनपद की पावन धरा पर कल 27 मई बुधवार को ज्योतिर्मठ के पीठाधीश्वर एवं सनातन धर्म के प्रमुख धर्मगुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का ऐतिहासिक आगमन होने जा रहा है। ‘गविष्ठ यात्रा’ के अंतर्गत होने वाली इस दो दिवसीय धर्म यात्रा को लेकर जिलेभर में श्रद्धालुओं और सनातन प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत, पूजन और धर्मसभाओं का आयोजन किया जाएगा।
ब्लॉक बहुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजानपुर में यात्रा के स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं। सुजानपुर गविष्ठ यात्रा की स्वागताध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की अगुवाई में क्षेत्रवासियों द्वारा महाराज श्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। बताया गया है कि महाराज श्री का सुजानपुर आगमन सुबह लगभग 10:30 बजे होगा, जहां आरती, पुष्पवर्षा और स्वागत समारोह के साथ श्रद्धालु उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
जिला प्रभारी शिवाकांत तिवारी ने बताया कि यात्रा 27 मई को सुबह 10 बजे मुत्तोर से प्रारंभ होकर बहुआ, सुजानपुर, गाजीपुर, बौवारा, सरकी, जागेश्वर मंदिर, अशोथर, नरैनी, विजईपुर चौराहा, शिवपुर, त्रिलोचनपुर और खागा होते हुए शाम 4 बजे सवंत पहुंचेगी। यहां रात्रि धर्मसभा एवं रात्रि विश्राम का कार्यक्रम आयोजित होगा।
यात्रा के दूसरे दिन 28 मई को हनुमान मंदिर पूजन के बाद यात्रा पुनः प्रारंभ होगी। यह यात्रा थरियांव, लोधीगंज, ज्वालागंज और कलेक्ट्रेट होते हुए दोपहर 1 बजे बिंदकी स्थित सिद्धपीठ ज्वाला जी मंदिर पहुंचेगी, जहां विशाल धर्मसभा एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद यात्रा ललौली चौराहा और शहीद स्थल बावन इमली शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हमीरपुर के लिए रवाना होगी।
स्वागताध्यक्ष हेमलता पटेल ने क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, युवाओं और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह जनपद के लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक ऊर्जा का अवसर है। उन्होंने लोगों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर धर्मसभा में पहुंचने और महाराज श्री के दिव्य संदेश का लाभ लेने का आह्वान किया।






