फतेहपुर। जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के चौड़गरा कस्बे में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक अपाचे बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सर्विस लेन पर तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक डंपर की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डंपर चालक को पकड़ लिया है।
फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। दोनों मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







