
फतेहपुर। जनपद में अवैध खनन करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब सरकारी तालाब भी उनके निशाने पर हैं। ताजा मामला हथगांव थाना क्षेत्र की छिवलहा चौकी अंतर्गत भैरमपुर गांव का है, जहां 12/13 नवंबर की रात गांव स्थित सरकारी तालाब में जेसीबी मशीन लगाकर कथित तौर पर अवैध मिट्टी खनन किया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, रात के अंधेरे में जेसीबी मशीन से तालाब की खुदाई की जा रही थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही जेसीबी चालक मशीन लेकर मौके से फरार हो गया।
इस घटना ने पुलिस, खनन विभाग और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जेसीबी मालिकों में कानून का भय क्यों नहीं है? क्या प्रशासन का भारी-भरकम मशीनों के मालिकों पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है? सरकारी तालाब में रात के अंधेरे में खुदाई करने का दुस्साहस आखिर किसके भरोसे किया जा रहा है?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पुलिस को घटना की सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची, तो क्या अब तक जेसीबी की पहचान कर उसके मालिक और चालक तक पहुंचने की कार्रवाई हुई? यदि नहीं, तो आखिर कार्रवाई में देरी क्यों?
क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना या सरकारी संपत्ति को पूरी तरह नुकसान पहुंचाए जाने का इंतजार कर रहा है? सरकारी तालाबों की जमीन पर इस तरह की खुदाई आखिर कब तक चलती रहेगी?
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और खनन विभाग के अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि तालाब की पैमाइश कराई जाए, अवैध खनन की मात्रा का आकलन हो तथा जेसीबी मालिक और चालक की पहचान कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में केवल जांच का आश्वासन देता है या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ वास्तव में कार्रवाई भी होती है।







