फतेहपुर जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस और शातिर गौकस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी हफीज के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले जहानाबाद थाना क्षेत्र के चंदीपुर गांव के जंगल में गौकसी की घटना सामने आई थी। जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद हिंदू संगठनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक देर रात संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी हफीज के पैर में जा लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा मौके से लोहे का रॉड, चापड़ और गौकसी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से गौकसी की घटनाओं में सक्रिय था और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






