फतेहपुर। मानवता परिवार ने जनपद फतेहपुर निवासी स्वर्गीय देवराज के परिवार को सामूहिक सहयोग से ₹4,12,683 (चार लाख बारह हजार छह सौ तिरासी रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की दुर्घटना में उनके निधन के बाद संस्था ने परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया। सहायता राशि मृतक की नामित परिजन श्रीमती सुमन देवी के बैंक खाते में हस्तांतरित की गई।
यह सहायता उनके तीन बेटियों और एक बेटे की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य संबंधी आवश्यकताओं में सहायक होगी। संस्था का उद्देश्य सामूहिक सहयोग के माध्यम से संकटग्रस्त परिवारों को राहत प्रदान करना है।
मानवता परिवार के मंडल प्रभारी श्री अभिलाष कुमार गुप्ता ने बताया कि संस्था के निर्धारित नियमों के अनुसार, 90 दिनों से अधिक समय से जुड़े सदस्य की मृत्यु होने पर उनके नामित परिजन को आर्थिक सहयोग दिया जाता है। इसके अतिरिक्त सामान्य दुर्घटना, गंभीर दुर्घटना एवं गंभीर बीमारी की परिस्थितियों में भी निर्धारित प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने बताया कि मानवता परिवार अब तक 6 मृतक सदस्यों के परिवारों को कुल ₹21,69,593 तथा 14 सदस्यों को सामान्य दुर्घटना में उपचार एवं राहत के लिए ₹4,86,239 की आर्थिक सहायता प्रदान कर चुका है। यह उपलब्धि सदस्यों की सामूहिक सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिणाम है।
इस अवसर पर मंडल प्रभारी श्री अभिलाष कुमार गुप्ता, नगर प्रभारी अभिषेक कुमार, सुशील कुमार, कोऑर्डिनेटर श्री संदीप सिंह, श्री विनय कुमार, श्री वीरेंद्र चौधरी, मृतक की नामित परिजन श्रीमती सुमन देवी, श्री बदलू सहित संस्था के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मानवता परिवार की यह पहल संदेश देती है कि छोटे-छोटे सहयोग मिलकर किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकते हैं। संस्था ने भविष्य में भी मानव सेवा, सामाजिक सहयोग और संवेदनशीलता के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।






