फतेहपुर। थाना किशनपुर क्षेत्र के विजयीपुर चौराहे पर ओवरलोड ट्रकों की निकासी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। क्षेत्र में चर्चा है कि टास्क फोर्स और पुलिस की मौजूदगी में ओवरलोड वाहनों को निकाला जा रहा था। इसी दौरान एक युवक द्वारा वीडियो बनाए जाने पर उसके साथ कथित मारपीट किए जाने और मोबाइल फोन छीनने के आरोप सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार, विजयीपुर चौकी पर तैनात दरोगा जितेंद्र दुबे और कारखास सिपाही दीपक वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि युवक आयुष यादव द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने पर उसे रोका गया, अभद्र व्यवहार किया गया तथा उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि युवक को फर्जी लोकेटर लगाकर जेल भेजने की धमकी दी गई। घटना की जानकारी क्षेत्र में फैलते ही लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई और मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस विभाग की ओर से भी मामले में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।







