नरसिंह मौर्य असोथर फतेहपुर
थाना क्षेत्र असोथर के कौडर गांव में शुक्रवार को सुअर खरीदने गए तीन लोगों पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू पुत्र रामचरन निवासी सरइला तालिकपुर थाना हुसैनगंज, अपने भाई दीपक व चचेरे भाई विकास पुत्र जयलाल के साथ शुक्रवार को कौडर गांव निवासी किसिया देवी पत्नी स्वर्गीय चंद्रपाल के यहां सुअर खरीदने गया था। बताया गया कि जब तीनों लोग किसिया देवी से सुअर खरीदने को लेकर बात कर रहे थे, तभी गांव की सुमित्रा पत्नी जगतपाल, उसकी बेटियां दीपिका व देविका पुत्रीगण जगतपाल तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने मौके पर पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में तीनों को चोटें आईं। शोरगुल सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस दौरान आरोपितों ने पीड़ित पक्ष को मां-बहन की गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ित सोनू की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हो चुकी है, मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक सूर्यनाथ को सौंपी गई है। घटना की जांच-पड़ताल जारी है।






