फतेहपुर,।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के निर्देशन में पुलिस लाइन फतेहपुर में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और योग के महत्व तथा उसके स्वास्थ्यवर्धक लाभों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
योग कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को अत्यंत आवश्यक बताया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया तथा कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है। योग न केवल शरीर को निरोग रखता है बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को ऊर्जावान भी बनाता है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद के समस्त थाना परिसरों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी थानों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और योग के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
फतेहपुर पुलिस द्वारा योग दिवस के माध्यम से स्वस्थ समाज, सकारात्मक सोच और फिट जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। योग कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा आमजन को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।






