

फतेहपुर। कक्षा 12वीं के छात्रतेजस्व द्विवेदी उर्फ तेजस की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। देर शाम सदर कोतवाली के बाहर परिजनों के धरने और प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मृतक छात्र की मां नीलम द्विवेदी की तहरीर पर सरस्वती बाल मंदिर के प्रबंधक राकेश त्रिवेदी और प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि 26 अगस्त 2026 को तेजस परीक्षा देने के लिए विद्यालय गया था। परिजनों के मुताबिक परीक्षा के दौरान छात्र को नकल करते हुए पकड़े जाने की बात सामने आई थी। आरोप है कि इसके बाद विद्यालय में छात्र के साथ डंडों से मारपीट की गई। परिजनों का दावा है कि मारपीट के बाद छात्र की हालत बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक की मां नीलम द्विवेदी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि परीक्षा के बाद जब उनका बेटा घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य से जानकारी की। प्रधानाचार्य की ओर से छात्र के नकल करते पकड़े जाने और 1500 रुपये जुर्माना लगाए जाने की जानकारी दी गई। बाद में परिजनों को फोन के माध्यम से छात्र के मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने की सूचना मिली।
परिजन अस्पताल पहुंचे तो तेजस गंभीर हालत में भर्ती था। तहरीर के अनुसार छात्र ने परिजनों को बताया कि उसके साथ मारपीट की गई थी। इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी छात्र के शरीर पर गंभीर चोटें सामने आई हैं।
छात्र की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दाह संस्कार के बाद मृतक की मां ने 28 अगस्त को सदर कोतवाली में तहरीर देकर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। लेकिन देर तक एफआईआर दर्ज नहीं होने से परिजनों का आक्रोश बढ़ गया।
देर शाम मृतक के परिजन और समर्थक सदर कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में देरी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। धरने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रबंधक राकेश त्रिवेदी और प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। देर रात FIR के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापे मारी भी की लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नही लगा।
एफआईआर दर्ज होने के बाद अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि छात्र के साथ विद्यालय में वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ और उसकी मौत के लिए जिम्मेदार परिस्थितियां क्या थीं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।







