फतेहपुर जनपद के असोथर क्षेत्र में इन दिनों मिट्टी माफियाओं का बोलबाला देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में रात-दिन अवैध मिट्टी खनन का खेल खुलेआम जारी है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कृषि कार्यों के लिए निर्धारित ट्रैक्टर और ट्रॉलियों का इस्तेमाल अब बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी ढुलाई में किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक मिट्टी पुराई के नाम पर प्रति ट्रॉली 1400 रुपये से लेकर 2200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। यह पूरा कारोबार दिन और रात दोनों समय संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और खाली पड़ी जमीनों से लगातार मिट्टी निकाली जा रही है, जिससे कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और किसानों की जमीन को नुकसान पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना किसी रोकटोक के दौड़ रही हैं। तेज रफ्तार वाहनों से सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में लगातार निगरानी कर इस अवैध कारोबार पर रोक लगाई जाए। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






