उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पुलिस कप्तान अभिमन्यु मांगलिक ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लेते हुए एसओजी और इंटेलिजेंस विंग की पूरी टीम को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे प्रदेश में इस फैसले की चर्चा हो रही है।
जारी आदेश के अनुसार एसओजी और इंटेलिजेंस यूनिट में तैनात कुल 15 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेजा गया है। इनमें निरीक्षक, उपनिरीक्षक और आरक्षी स्तर के कर्मचारी शामिल हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट किया कि संबंधित टीम लंबे समय से कोई प्रभावी इनपुट नहीं दे पा रही थी, जिसके चलते अपराध नियंत्रण और खुफिया तंत्र कमजोर पड़ रहा था। इसी को देखते हुए यह सख्त कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में जिले में कई बड़ी घटनाओं के बावजूद एसओजी और इंटेलिजेंस यूनिट की ओर से कोई ठोस सूचना या खुलासा सामने नहीं आया था। पुलिस कप्तान ने कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए पूरी टीम को हटाकर नए सिरे से व्यवस्था मजबूत करने का संकेत दिया है।
सूत्रों के मुताबिक विभागीय समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि टीम अपेक्षित स्तर पर काम नहीं कर रही थी। इसके बाद एसपी ने बिना देरी किए एक साथ पूरी यूनिट पर कार्रवाई कर दी। पुलिस महकमे में इसे अब तक की सबसे बड़ी लाइन हाजिर कार्रवाई माना जा रहा है।
इस फैसले के बाद अन्य शाखाओं में भी सतर्कता बढ़ गई है और पुलिस कर्मियों के बीच जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कार्य में लापरवाही बरतने वाले अन्य कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।







