फतेहपुर जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र में गोकशी की घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। चंदीपुर गांव के समीप गोवंश के अवशेष मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर संदिग्ध हालत में गोवंश के अवशेष पड़े देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जहानाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हिंदू संगठनों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है ताकि घटना में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।






