Homeउत्तर प्रदेशफतेहपुरउमरगहना ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार के सनसनीखेज आरोप: फर्जी भुगतान से बेनामी...

उमरगहना ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार के सनसनीखेज आरोप: फर्जी भुगतान से बेनामी संपत्ति तक 36 बिंदुओं पर जांच की मांग

Published on

फतेहपुर। विकास खंड मलवां की ग्राम पंचायत उमरगहना में वित्तीय वर्ष 2015-16 से 2026-27 तक विभिन्न सरकारी मदों से कराए गए विकास कार्यों में व्यापक वित्तीय अनियमितता, फर्जी भुगतान और सरकारी धन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप सामने आए हैं। गांव के ही निवासी व अधिवक्ता राम किशोर यादव ने जिलाधिकारी को 36 बिंदुओं का विस्तृत शिकायती पत्र और मूल नोटरी शपथ पत्र सौंपकर प्रथम श्रेणी अधिकारी की अध्यक्षता में तकनीकी एवं स्थलीय जांच समिति गठित करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि आवश्यक कार्यवाही हेतु मुख्यमंत्री तथा लोकायुक्त (उत्तर प्रदेश) को भी प्रेषित की गई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे पूर्व 18 नवंबर 2025 को भी इस प्रकरण में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके परिप्रेक्ष्य में जिला पंचायत राज अधिकारी ने 3 दिसंबर 2025 को पत्र जारी कर उत्तर प्रदेश पंचायती राज अधिनियम की नियमावली (1997) के तहत बिंदुवार विवरण, साक्ष्य और नोटरी शपथ पत्र के साथ तीन प्रतियों में शिकायत प्रस्तुत करने पर ही जांच संभव होने का उल्लेख किया था। विभागीय निर्देश के अनुपालन में अब सभी दस्तावेजों व शपथ पत्र के साथ 25 नवंबर 2026 को पुनः विस्तृत शिकायत दाखिल की गई है। 

शिकायती पत्र में तत्कालीन ग्राम प्रधान देवेंद्र यादव उर्फ बड़कू यादव (कार्यकाल 2015-20) तथा वर्तमान ग्राम प्रधान श्रीमती आरती देवी और उनके पति लाल बहादुर यादव उर्फ बाबू सिंह यादव (कार्यकाल 2020-27) के कार्यकाल में कराए गए कार्यों पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, खड़ंजा, नाली निर्माण और ह्यूम पाइप लगाने जैसे कार्यों में वास्तविक लागत से कई गुना अधिक धनराशि आहरित की गई, जबकि धरातल पर कार्य मानक विहीन हैं। अकेले वित्तीय वर्ष 2024-25 में विभिन्न इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और श्रमिक भुगतान के नाम पर 27 लाख 84 हजार रुपये से अधिक का व्यय दर्शाया गया है।

दस्तावेजों में हैंडपंप मरम्मत, सामान और मिस्त्री भुगतान के नाम पर वर्ष 2022-23 से 2025-26 के बीच 10 लाख 26 हजार रुपये से अधिक तथा साफ-सफाई के नाम पर 2 लाख 46 हजार रुपये के फर्जी भुगतान का आरोप लगाया गया है। इसके अतिरिक्त सामुदायिक शौचालय निर्माण व मरम्मत, पंचायत भवन निर्माण, मरम्मत व वॉल पेंटिंग, दो बारातशालाओं के जीर्णोद्धार (9.80 लाख रुपये), वृक्षारोपण व फेंसिंग तथा खेल मैदान व ग्रामीण स्टेडियम की सामग्री (10.48 लाख रुपये) के नाम पर अभिलेखीय पूर्णता दिखाकर धनराशि हड़पने का दावा किया गया है। मनरेगा के तहत तालाबों की सफाई केवल कागजों पर पूरी दिखाने और सरकारी आवास योजनाओं के लाभार्थियों से अवैध वसूली के कारण आवासों के गुणवत्ताविहीन होने की बात भी कही गई है।शिकायत में नियमों को ताक पर रखकर सगे-संबंधियों को सरकारी धन का भुगतान करने का भी आरोप है। आरोप है कि वर्तमान प्रधान के पति के सगे भाइयों (सुधीर कुमार व सुनील कुमार) को श्रमिक और हैंडपंप मरम्मत के नाम पर क्रमशः 52,329 रुपये और 1,98,193 रुपये का फर्जी भुगतान किया गया। वहीं वर्ष 2026-27 में इंटरलॉकिंग व अन्य कार्यों के नाम पर नीरज शुक्ला व उनके पुत्र नमन शुक्ला को 1,80,218 रुपये का भुगतान दर्शाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस परिवार का निर्माण कार्यों से कोई वास्ता नहीं है, बल्कि यह धनराशि वर्ष 2007 में थाना मलवां में दर्ज एक फर्जी मार्कशीट मुकदमे में गवाहों व वादी के बयान बदलवाने के लिए तय हुई पांच लाख रुपये की आपसी सहमति की बकाया रकम के रूप में सरकारी खाते से चुकाई गई है।  शिकायती पत्र में दोनों कार्यकालों के दौरान अर्जित चल-अचल संपत्तियों की भी अलग से जांच कराने की मांग की गई है। आरोप है कि पूर्व प्रधान देवेंद्र यादव ने अपने कार्यकाल में कानपुर के चकेरी रेलवे स्टेशन के पास अपनी दूसरी पत्नी के नाम आवासीय प्लॉट खरीदकर तीन मंजिला आधुनिक भवन बनवाया। वहीं वर्तमान प्रधानपति पर दो चार पहिया वाहन खरीदने तथा ब्लॉक मुख्यालय से करीब 500 मीटर दूर मलवां-कुंवरपुर मार्ग पर 'जय मां दुर्गे गार्डन' नामक भव्य गेस्ट हाउस बनवाने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2017 में ननिहाल पक्ष की एक महिला (स्वर्गीय श्रीमती कलुई) के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराकर इसे बेनामी संपत्ति के रूप में विकसित किया गया और भौतिक कब्जे के लिए अपने भाई के नाम किरायानामा तैयार कराया गया।

शिकायतकर्ता ने तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी (रश्मि) की भूमिका की भी जांच करने और पुलिस बल की मौजूदगी में विशेषज्ञ समिति से सभी 36 बिंदुओं का स्थलीय व अभिलेखीय सत्यापन कराने की गुहार लगाई है, ताकि सरकारी धन के दुरुपयोग की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सके। अब प्रशासनिक स्तर पर जांच समिति के गठन और कार्यवाही पर ग्रामीणों की निगाहें टिकी हैं।

👁 35.9K views
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img

Latest articles

विशेष अभियान दिवस पर डीएम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण,मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का लिया जायजा,18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम...

फतेहपुर, 28 नवंबर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत शनिवार...

सीएमओ के निरीक्षण में अनुपस्थित मिला आउटसोर्स कर्मचारी, हटाने के लिए एजेंसी को पत्र

फतेहपुर। स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की ड्यूटी और कार्यप्रणाली को लेकर एक नया मामला...

यूरिया उत्पादन में शाहजहांपुर बनेगा बड़ी ताकत, कृभको प्लांट को मिली 12.70 लाख मीट्रिक टन विस्तार की मंजूरी

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है। यहां स्थित कृभको फर्टिलाइजर्स...

Rural Tourism UP: अब गांव भी बनेंगे पर्यटन का ठिकाना, भितरगांव में विरासत के साथ रोजगार की नई राह

उत्तर प्रदेश में पर्यटन को सिर्फ बड़े शहरों और प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों तक सीमित...

More like this

विशेष अभियान दिवस पर डीएम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण,मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का लिया जायजा,18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम...

फतेहपुर, 28 नवंबर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत शनिवार...

सीएमओ के निरीक्षण में अनुपस्थित मिला आउटसोर्स कर्मचारी, हटाने के लिए एजेंसी को पत्र

फतेहपुर। स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की ड्यूटी और कार्यप्रणाली को लेकर एक नया मामला...

यूरिया उत्पादन में शाहजहांपुर बनेगा बड़ी ताकत, कृभको प्लांट को मिली 12.70 लाख मीट्रिक टन विस्तार की मंजूरी

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है। यहां स्थित कृभको फर्टिलाइजर्स...