फतेहपुर, 28 नवंबर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत शनिवार को आयोजित विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए बूथों पर तैनात बीएलओ से दावे, आपत्तियों, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची में संशोधन की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज पनी स्थित बूथ संख्या 141, 142, 143, 144, 145 एवं 146 का निरीक्षण किया। इसके बाद जीआईसी में स्थित बूथ संख्या 37, 38, 39, 40, 41 एवं 42 का जायजा लिया। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर चौक स्थित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित बीएलओ को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन से संबंधित प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बीएलओ अपने दायित्वों का जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ निर्वहन करें और आमजन को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए जागरूक करें।
जिलाधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम छूट गया है अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर संशोधन कराएं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, बीएलओ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







