फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के बवारा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रैक्टर ने एक छात्रा को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में धुत था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में आए दिन ओवरलोड ट्रैक्टर धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ रहे हैं। कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के ही चलते हैं, जिससे उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






