फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पत्नी के मायके चले जाने से सदमे में आये पति ने अपने घर में फांसी के फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पति पर किसी प्रकार का मानसिक दबाव तो नहीं बनाया जा रहा था? इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस की जांच चल रही है।
5 महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के साखा गांव निवासी पिंटू (30) मेहनत मजदूरी कर परिवार का गुजर-करता था। पिंटू की शादी 5 महीने पहले पड़ोस के कुड़वारी गांव की रहने वाली रानी देवी के साथ हुई थी। दंपति गांव में अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर आए दिन विवाद होते रहता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात को भी दंपति के बीच झगड़ा हुआ था। इससे नाराज होकर महिला अपने मायके चली गई थी।
रोकने के बाद भी गई मायके
पिंटू की पत्नी जब मायके जा रही थी तो उसने काफी रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुकी। वह मायके चली गई। यह बात पति बर्दाश्त नहीं कर पाया। पिंटू अपनी पत्नी के मायके जाने के बाद से परेशान रहने लगा। वह हर वक्त उदास रहता था। किसी काम में उसका मन नहीं लग रहा था।
दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना
शनिवार की शाम आस-पड़ोस के लोगों को पिंटू के घर से अजीब दुर्गंध आई तो इसकी जानकारी फतेहपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नही मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि पिंटू का शव फांसी के फंदे से लटक रहा था। शव आधे ज़्यादा सड़ चुका था। शव को नीचे उतारा गया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।







