फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से हृदय विदारक घटनाऐं सामने आई है। यहां दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली, करंट की चपेट, दीवार के मलबे में दबकर एक महिला और बुजुर्ग समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना में दो किशोर भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अचानक हुए इन हादसों से सभी के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मलवा थाना क्षेत्र के करसवां गांव निवासी रामकरन लोधी का 15 वर्षीय बेटा मोहित कुमार गांव के ही अपने दो साथियों प्रियांशु लोधी और दुर्गेश के साथ शुक्रवार को बकरी चराने गया था। बताया जा रहा है कि इस दौरान अचानक बारिश के बीच गरज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से मोहित की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं दुर्गेश और प्रियांशु झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुजुर्ग की दर्दनाक मौत
इसी थाना क्षेत्र के बगहा का डेरा मजरे कोटिया के रहने वाले सीताराम (72) खेती किसानी करते थे। शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद घर के बरामदे में पड़े छप्पर के नीचे सो रहे थे। तभी अचानक देर रात दीवार भर भराकर गिर गई। हादसे में मलबे में दबकर सीताराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
करंट से महिला की मौत
उधर, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के शहजादीपुर की रहनेवाली बिटोला देवी (58) घर के बरामदे में टीन शेड के नीचे सो रहीं थीं। बताया जा रहा है पानी पीने के लिए देर रात अचानक उठीं और सपोर्ट के लिए लगे लोहे के पाइप को जैसे ही पकड़ा तो करंट की गिरफ्त में आ गईं। घर में मौजूद परिजन कुछ समझ पाते इससे पहले ही करंट से झुलस कर उनकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक घर के लिए बिजली के पोल से आई केबल टूट कर टीन पर गिर गई थी। जिले में हुई इन दुखद घटनाओं से तीनों परिवारों में कोहराम मच गया।







