फतेहपुर में किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित किसान दिवस उस समय हंगामे की स्थिति में पहुंच गया, जब भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत संगठन ने अधिकारियों के रवैये से नाराज होकर बैठक का बहिष्कार कर दिया और विकास भवन के बाहर धरने पर बैठ गया।
दरअसल, बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए किसान दिवस का आयोजन किया गया था। दोपहर करीब एक बजे जिलाध्यक्ष मधुसूदन तिवारी के नेतृत्व में संगठन के किसान नेता विकास भवन पहुंचे। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव रामदत्त मिश्रा ने किसानों की समस्याएं उठाईं, लेकिन अधिकारियों के जवाब से असंतुष्ट होकर संगठन ने बैठक का बहिष्कार कर दिया।
राष्ट्रीय महासचिव रामदत्त मिश्रा ने आरोप लगाया कि किसान दिवस के नाम पर किसानों को केवल आश्वासन दिया जाता है। हर महीने समस्याएं दर्ज तो होती हैं, लेकिन उनका धरातल पर समाधान नहीं होता। उन्होंने कहा कि किसान धान की खरीद न होने से परेशान हैं। क्रय केंद्रों पर किसानों को परेशान किया जा रहा है। वहीं समितियों में डीएपी खाद की किल्लत से खेती प्रभावित हो रही है।
उन्होंने देर से हुई बारिश के कारण हजारों बीघे फसल जलमग्न होने और धान सड़ने का मुद्दा भी उठाया। आरोप लगाया कि अब तक प्रभावित किसानों का सर्वे, नुकसान का मूल्यांकन और मुआवजे की कार्रवाई नहीं हुई है।
रामदत्त मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि धान खरीद और खाद की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होगा। उन्होंने साफ कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर अब केवल कागजी आश्वासन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
वहीं, धरने के दौरान जिला कृषि अधिकारी, डिप्टी आरएमओ और एआर सहकारिता के साथ किसान नेताओं की सकारात्मक वार्ता हुई। वार्ता के बाद संगठन की ओर से बताया गया कि अधिकारियों ने तीन दिन के अंदर समस्याओं के समाधान की दिशा में परिणाम देने का आश्वासन दिया है।
अब देखना यह होगा कि अधिकारियों का यह आश्वासन धरातल पर कितना उतरता है और धान खरीद, डीएपी खाद तथा बारिश से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे को लेकर किसानों को कितनी राहत मिलती है।
फिलहाल किसान संगठन की निगाहें अगले तीन दिनों में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।







