फतेहपुर। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में दबंगई का एक मामला सामने आया है। मौसी के घर जा रहे एक युवक को कुछ लोगों ने बीच सड़क पर रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के पीरनपुर मैदान के पास की है। बताया जा रहा है कि युवक किसी काम से अपनी मौसी के घर जा रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने युवक पर हमला कर दिया।
हमले में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।






