फतेहपुर। जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जहानपुर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मंदिर के वार्षिकोत्सव के दौरान देवी जागरण के नाम पर बार बालाओं का डांस कराया गया। कार्यक्रम में जमकर ठुमके लगाए गए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि आयोजन के लिए देवी जागरण की अनुमति ली गई थी, लेकिन कार्यक्रम के दौरान धार्मिक माहौल की जगह फूहड़ता परोसी गई। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा आयोजन कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर ही होता रहा और जिम्मेदार अनजान बने रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह के कार्यक्रम से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल, मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच की बात कह रही है। अब देखना होगा कि इस पूरे प्रकरण में आयोजकों पर क्या कार्रवाई की जाती है।






