फतेहपुर जिले में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है, जहां बिंदकी तहसील में तैनात एक लेखपाल का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर लेखपाल एक किसान से जमीन संबंधी काम के बदले पैसे लेते हुए नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि किसान अपने जमीन से जुड़े कार्य को लेकर तहसील पहुंचा था। इसी दौरान लेखपाल ने काम करने के एवज में उससे रिश्वत की मांग की। किसान ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर अभी तक आधिकारिक रूप से कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उच्च अधिकारी पूरे प्रकरण की जांच में जुट गए हैं।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और दोषी लेखपाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और आरोपी के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।






