फतेहपुर, 1 जून। अखिल भारत हिंदू महासभा जिला इकाई की मासिक बैठक आईटीआई रोड स्थित कैंप कार्यालय में जिला अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जिले में हो रही बिजली की अघोषित कटौती पर गहरा रोष व्यक्त किया।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने कहा कि पूरे जिले में सरकार की मंशा के विपरीत बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनमानस परेशान है और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन हो गए हैं तथा शिकायत के लिए फोन करने पर भी कॉल रिसीव नहीं करते।
उन्होंने कहा कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो अखिल भारत हिंदू महासभा जनहित में आंदोलन को और तेज करेगी। संगठन ने निर्णय लिया कि 17 जून 2026 को बिजली कटौती के विरोध में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से प्रयागराज मंडल उपाध्यक्ष रामगोपाल शुक्ला, जिला प्रभारी गजेंद्र मौर्य, स्वामी राम आसरे आर्य, करण सिंह पटेल, डॉ. प्रमोद पांडे, संतोष नेता, अर्जुन वैद्य, एस.के. गुप्ता, ओमप्रकाश मौर्य, स्वामी गणेशानंद महाराज, शुभम सविता, महिला जिला अध्यक्ष संगीता गुप्ता, पुष्पा गुप्ता, नीलम यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






