उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में 26 वर्षीय बैंक कर्मचारी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की हिमगिरी कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाली प्रतिभा राणा अपने कमरे में मृत अवस्था में मिलीं। मृतका मूल रूप से अमरोहा जनपद की रहने वाली थीं और मुरादाबाद स्थित एक्सिस बैंक के लोन विभाग में कार्यरत थीं।
जानकारी के अनुसार, प्रतिभा के साथ रहने वाली युवतियों और उनके परिचितों ने काफी देर तक कमरे का दरवाजा खटखटाया और कई बार फोन किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर यूपी-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाया गया।
परिजनों की मौजूदगी में जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो प्रतिभा का शव अंदर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत की वजह को लेकर रहस्य बना हुआ है।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस मृतका के मोबाइल फोन और अन्य निजी सामान की भी जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
इसके अलावा पुलिस प्रतिभा के परिजनों, मकान मालिक, पड़ोसियों और बैंक में उनके सहकर्मियों से भी पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि क्या मृतका किसी मानसिक तनाव, निजी विवाद या अन्य परेशानी से गुजर रही थीं।
एसपी सिटी ने क्या कहा?
एसपी सिटी कुमार रणवीर सिंह ने बताया कि यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया, जहां युवती मृत अवस्था में मिली। उन्होंने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर संभावित एंगल से जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
Trending Now
मुरादाबाद में बैंक कर्मचारी युवती की संदिग्ध मौत, बंद कमरे में मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार आखिर क्या है मिस्ट्री
👁 21.7K views







