फतेहपुर में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रीति कटियार ने अपनी शादी की 10वीं सालगिरह को समाज सेवा के नाम समर्पित कर मिसाल पेश की। उन्होंने मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर अपना पांचवां स्वैच्छिक रक्तदान किया और लोगों को मानवता का संदेश दिया। आमतौर पर लोग शादी की सालगिरह पर केक काटकर और जश्न मनाकर इस दिन को यादगार बनाते हैं, लेकिन फतेहपुर की एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रीति कटियार ने इस खास दिन को समाज सेवा से जोड़ते हुए एक नई मिसाल कायम की।
उन्होंने ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन’ के सहयोग से मानस रक्तकेंद्र में पहुंचकर अपना पांचवां स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जीवन की खुशियों को समाज के साथ साझा करना ही सच्ची खुशी है। रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान के बाद मानस रक्तकेंद्र में उनके विवाह की 10वीं वर्षगांठ का केक भी काटा गया। केंद्र के प्रभारी अमन यादव ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा उनके इस प्रेरणादायी कदम की सराहना की। इस मौके पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन से गुरमीत सिंह और रंजीत प्रताप, जबकि मानस रक्तकेंद्र से प्रभारी अमन यादव, टेक्नीशियन अनामिका पाल और विष्णु सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने प्रीति कटियार को वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक सरोकार और रक्तदान के संकल्प की प्रशंसा की।
Trending Now
शादी की 10वीं सालगिरह पर महिला दरोगा का अनोखा जश्न, किया 5वां रक्तदान
👁 33.7K views






