फतेहपुर: कलेक्टरगंज के शिवपुरम स्थित सरस्वती बाल मंदिर में मेधा अलंकरण एवं अभिभावक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चेयरमैन राजकुमार मौर्य उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। प्राइमरी वर्ग में अंजनेय मिश्रा ने 99.57 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मानवी सहित अन्य छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
वहीं जूनियर वर्ग में रमन प्रताप ने 98.57 प्रतिशत अंक पाकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान कुल 105 मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके 105 अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया, जिससे अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के प्रबंधक राकेश त्रिवेदी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा।






