फतेहपुर। ललौली थाना/क़स्बा के सात आना मोहल्ला निवासी रुख़सार ख़ातून पुत्री मुख़्तार अहमद ने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायतीपत्र सौंपते हुए ललौली थाने के दरोग़ा शशिभान सिंह द्वारा पीड़िता एवं उसके परिजनों का अनावश्यक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि विगत 05 अक्टूबर 2022 को उसका निकाह गांव (क़स्बा) के इमरान पुत्र अबरार के साथ हुआ था, जिसका पूरा परिवार कलकत्ता में रहता है। इमरान का ललौली का घर बंद रहता है।
शिकायतीपत्र में पीड़िता ने बताया है कि विगत 04 दिसंबर 2023 को कलकत्ता में इमरान व उसके घरवालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे घर से निकाल दिया था तथा 08 मार्च 2024 को इमरान ने उसे फ़ोन से तीन बार तलाक़ तलाक कहकर तलाक दे दिया था। जिसके बाद पीड़िता ने अ.सं.- 86/2924 अन्तर्गत धारा- 498ए व 3/4 डी.पी. एक्ट, 3/4 मुस्लिम महिला विवाह अधिनियम के तहत पति- इमरान, ससुर- अबरार, सास- बदरूननिशा, देवर- सलमान, ननद- अफ़सरी व सानिया के ख़िलाफ़ थाना ललौली में मुक़दमा दर्ज कराया था जिसकी विवेचना चल रही है।
पीड़िता का आरोप है कि उपरोक्त मुक़दमे की पेशबन्दी में तथा तलाक के मुक़दमे में दबाव बनाने के लिए ज़ब ससुर अबरार और ननद सानिया ललौली वाले घर आये थे और कहने लगे कि उनके घर में चोरी हो गई है। बकौल रुख़सार उपरोक्त कथित घटना के समय वह घरवालों के साथ मुम्बई में थी। उपरोक्त दरोग़ा शशिभान सिंह पिछले चार-पाँच महीने से कहते हैं कि माँ-पिता जी को बुलाओ बयान लेना है, उसका (पीड़िता) और बड़े भाई का भी थाने बुलाकर बयान ले चुके हैं। अब कहते हैं कि दो भाई जो मुम्बई में रहते हैं उन्हें भी बुलाओ उनका भी बयान लेना है।
पीड़िता का आरोप है कि उपरोक्त दरोगा द्वारा उसके पिता को छह बार थाने बुलाकर बयान लिया जा चुका है, फ़िर भी उसके ससुरालीजनों के इशारे पर उसका एवं उसके घर वालों का उत्पीड़न किया जा रहा है, जबकि वास्तव में अबरार के घर चोरी की कोई घटना ही नहीं हुई है। वह घर वर्षों से खाली एवं बंद पड़ा रहता था, अब चोरी के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है, वास्तविक रूप से जाँच की जाए तो सत्यता उजागर हो जाएगी। पीड़िता ने बताया कि पिछली 31 मई को थाना दिवस में ललौली थाना प्रभारी ने कहा था कि अब तुम्हें नहीं बुलाया जाएगा किन्तु अब फ़िर से उपरोक्त दरोगा द्वारा बार बार फ़ोन करके थाने बुलाया जा रहा है।
पीड़िता रुखसार ख़ातून ने पुलिस अधीक्षक से उपरोक्त प्रकरण की किसी सक्षम अधिकारी से जाँच करवाकर उचित कार्यवाही करने और उसका व घरवालों का उत्पीड़न रोकने की मांग की है।
Trending Now
साहब दरोगा जी परेशान कर रहे है। ट्रिपल तलाक पीड़िता की एसपी से गुहार
👁 5K views







