फतेहपुर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 25 चिश्ती कॉलोनी पीरनपुर में लोगों की जिंदगी खतरे के साये में गुजर रही है। इलाके में बिजली के झूलते हाईवोल्टेज तार और गंदगी से बजबजाती नालियां स्थानीय लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी हैं। भीषण गर्मी के बीच हालात इतने खराब हैं कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक आंखें मूंदे बैठा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में कई जगहों पर बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं। लकड़ी के पुराने और टूटे खंभों के सहारे हाईवोल्टेज लाइन दौड़ रही है, जिससे हर समय करंट फैलने और हादसे का खतरा बना रहता है। सड़क से कुछ ही फीट ऊपर लटक रहे बिजली के तार राहगीरों और बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।
वहीं दूसरी ओर कॉलोनी की नालियां गंदगी से पूरी तरह पटी हुई हैं। नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि बारिश होने पर हालात और ज्यादा बदतर हो जाते हैं। कई जगह बिजली के तारों के नीचे पानी भरा रहता है, जिससे करंट उतरने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार बिजली विभाग और नगर पालिका से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों में विभागीय लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
चिश्ती कॉलोनी पीरनपुर के लोगों ने प्रशासन से तत्काल झूलते तारों को ठीक कराने, टूटे खंभे बदलवाने और नालियों की सफाई कराने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।






