फतेहपुर। शहर के देवीगंज पुल के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गर्भवती महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार खुशबू देवी पत्नी सुजान अपने भाई के साथ बाइक से जिला अस्पताल टीका लगवाने गई थीं। टीकाकरण कराने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे, तभी देवीगंज पुल के पास रोडवेज बस संख्या UP 78 LM 9644 ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद गर्भवती महिला बस के पहियों के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गर्भवती महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में हिंदू नेता जन सेवक धर्मेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और उन्हें शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।







