फतेहपुर। जिले के कोटेदारों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे कोटेदारों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कोटेदारों ने कहा कि वर्तमान कमीशन में उचित ढंग से राशन वितरण करना संभव नहीं है। उन्होंने मांग की कि या तो उनका कमीशन बढ़ाया जाए या फिर प्रत्येक कोटेदार को ₹20 हजार प्रतिमाह मानदेय दिया जाए।
कोटेदारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे राशन वितरण का बहिष्कार करने के लिए मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि 28 जुलाई को विधानसभा का घेराव कर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कोटेदारों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की अपील की।






