फतेहपुर के हसवां विकास खंड में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक संगठन ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में आयोजित बैठक में नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया और इसके बाद पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन बीडीओ के माध्यम से जिलाधिकारी को सौंपा गया। संगठन ने मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
हसवां ब्लॉक कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता संगठन की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने की। बैठक में सर्वसम्मति से नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया और महिलाओं से अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया गया।
बैठक के बाद संगठन ने बीडीओ के माध्यम से जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग शासन तक पहुंचाने, अन्ना मवेशियों से किसानों की फसलों की सुरक्षा, धान रोपाई के मौसम में अघोषित बिजली कटौती बंद करने और नहरों में टेल तक सिंचाई का पानी छोड़ने की मांग की गई।
इसके अलावा अधूरी पानी की टंकियों को चालू करने, पाइपलाइन कार्य से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र गरीब परिवारों का विशेष सर्वे कराने, स्वयं सहायता समूहों को समय पर फंड उपलब्ध कराने तथा महिला सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने और ब्लॉक स्तर पर महिला शिकायत निवारण सेल गठित करने की मांग भी उठाई गई।
संगठन ने स्पष्ट कहा कि यदि जनहित से जुड़ी इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिले स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।






