फतेहपुर। जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वीडियो में एक युवक पर सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर असलहा लहराने, भारतीय मुद्रा के नोट उड़ाने, शराब के नशे में हुड़दंग करने तथा अमर्यादित गानों पर डांस कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पा रही।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला युवक है, जो सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान खुलेआम असलहे लहराए गए, नोट उड़ाए गए और सार्वजनिक स्थल पर कानून-व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल है।
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि वीडियो में लगाए जा रहे आरोप सही हैं तो मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इसके अलावा, युवक पर महंगी लग्जरी गाड़ियों में कथित तौर पर ब्लैक फिल्म (काले शीशे), हूटर और लाल-नीली बत्ती का इस्तेमाल करने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने उसकी संपत्ति की जांच कराने और आय के स्रोतों की पड़ताल की मांग भी की है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर असलहों की बरामदगी, ब्लैक शीशे वाली गाड़ियों पर कार्रवाई तथा अन्य वैधानिक कदम उठाए जाएं।
फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
Trending Now
फतेहपुर: वायरल वीडियो से मचा बवाल, असलहा लहराने, नोट उड़ाने और ब्लैक शीशे वाली गाड़ियों के आरोपों से घिरा युवक, कार्रवाई की उठी मांग
👁 53K views







