फतेहपुर। सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में चंदन सिंह राणा ने थाना कोतवाली प्रभारी को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक अकाउंट के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि संबंधित पोस्ट में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के साथ ही धमकी भरे शब्दों का भी प्रयोग किया गया है।
प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी अधिकारियों को सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कराने, संबंधित अकाउंट संचालक की पहचान करने तथा सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।







