भारत के प्रथम प्रधानमंत्री और बच्चों के प्यारे चाचा नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में मां स्वरूप रानी तथा पिता मोतीलाल नेहरू के घर ‘आनंद भवन’ में हुआ था। उनकी संपूर्ण शिक्षा- दीक्षा इंग्लैंड में लंदन के हेरो और कैंब्रिज विश्वविद्यालय में संपन्न हुई।
वहीं से उन्होंने बैरिस्टर की डिग्री भी प्राप्त की लेकिन भारत में आने के पश्चात महात्मा गांधी से प्रभावित होकर स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े। वे राष्ट्रीय गुटनिरपेक्ष नीति , और पंचशील सिद्धांतों के प्रबल समर्थक थे। 1955 में उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया। वे चार बार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। 15 अगस्त 1947 से अपनी मृत्यु 27 मई 1964 तक 16 वर्ष 9 माह 12 दिन भारत के प्रधानमंत्री पद पर सुशोभित रहे।
वे एक सुयोग्य राजनीतिज्ञ ही नहीं, एक अच्छे साहित्यकार भी थे । उनकी प्रमुख रचनाओं में डिस्कवरी ऑफ इंडिया (भारत की खोज), विश्व इतिहास की झलक , भारत की एकता और पिता के पत्र पुत्री के नाम इत्यादि अत्यंत प्रसिद्ध पुस्तकें हैं । उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की ‘संस्कृति के चार अध्याय’ की भूमिका भी लिखी। उनका सम्मोहन इतना गजब का था कि एक बार ऐंग्लो संस्कृत कॉलेज फतेहपुर ( वर्तमान ए. एस. इंटर कॉलेज फतेहपुर) की जनसभा में पेड़ों पर बैठे पक्षियों के जोर-जोर चहचहाते रहने पर मात्र एक बार “चुप रहो” कह देने भर से सब के सब शांत हो गए थे। यह देखकर वहां उपस्थित लोग उनके अपौरुषेय दिव्य व्यक्तित्व पर आश्चर्यचकित रह गए।
‘हिंदू चीनी भाई-भाई’ का नारा लगाने वाले चीन के अचानक धोखेबाजी भरे आक्रमण और उसमें भारत की पराजय ने उनको भीतर बहुत गहरे तक तोड़ दिया। देश में सामान्य जनता से लेकर तत्कालीन राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन तक ने इस पर उन्हें दोषी माना और वे स्वयं भी इसके लिए अपने को दोषी मानने लगे। तब से अपनी मृत्यु तक वह अपने को संभाल नहीं सके। लेकिन भीतर ही भीतर शारीरिक और मानसिक बीमारियों से जूझते हुए हुए भी उत्साह पूर्वक सारे कामकाज निपटाते रहे ।मृत्यु के दिन भी दिल्ली में उन्होंने लोकसभा की मीटिंग बुलाई थी परन्तु प्रातः 8:00 बजे के आसपास ही उन्हें भयानक दिल का दौरा पड़ गया । एक बार 1955 में भी उन्हें हार्ट अटैक पड़ा था लेकिन तब डॉक्टर्स ने उन्हें संभाल लिया था । यह उनका दूसरा और अंतिम अटैक था। जिसमें थोड़ी ही देर बाद पक्षाघात का भी आक्रमण हो गया। इंदिरा जी उनके साथ ही थीं । तुरंत अच्छे से अच्छे डॉक्टर्स बुलाए गए लेकिन होनी को कोई टाल नहीं सकता। 8 घंटे कोमा में रहने के पश्चात अपराह्न 2:00 बजे उनकी आत्मा इस असार संसार को छोड़कर एक अलग ही यात्रा में निकल गई । संसद में आकर तत्कालीन स्टील मंत्री चिदंबरम सुब्रमण्यम ने 2:05 पर लोकसभा में उनकी मृत्यु की सूचना देते हुए रुंधे गले से कहा- ‘रोशनी खत्म हो गई’ और सचमुच इस रोशनी के अचानक गुम हो जाने से कश्मीर मसले पर होने वाली लोकसभा की वह बैठक ही नहीं, आकाशवाणी से सूचना प्रसारित होते ही समूचा देश शोक के सागर में डूब गया। पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति अयूब खान भी कश्मीर मसले पर उस मीटिंग में भाग लेने दिल्ली की ओर रवाना हो गए थे पर अब कुछ दूसरा ही घटित हो गया था। सोहनलाल जी ने इस अवसर पर अत्यंत दुख से कहा-
“वज्रपात हो गया अचानक, रोने से क्या, धैर्य धरो।
अंधकार छाया है गहरा, नई ज्योति बनकर उभरो।।
सच है, जो क्षति हुई आज, अब उसकी पूर्ति नहीं होगी।
लाख बार विधि गढ़े,’जवाहर’ जैसी मूर्ति नहीं होगी।।”
बच्चों के प्रति उनके प्रेम को शब्दों में बांध पाना बड़ा ही कठिन है। एक बार जापान के बच्चों ने उनसे हाथी देखने की इच्छा जाहिर की तो उन्होंने उन बच्चों के लिए एक हाथी भारत देश से भिजवाया। जिसे देखकर सब बच्चे बहुत खुश हुए। यह उनका बच्चों के प्रति गहरा लगाव ही था कि उन्होंने अपने जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाने की इच्छा जाहिर की।
उस समय एक से एक भयावह समस्याएं मुंह बाए खड़ी थीं। गरीबी, बेरोजगारी, देश का पिछड़ापन, आपसी विरोध , भितरघात क्या-क्या नहीं था ! देश के महानायक के तौर पर उस समय जैसा भी उनसे संभव था , उन्होंने किया और अपने देश को प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाया। परिस्थितिवश गलतियां सबसे होती हैं, उनसे भी कुछ हुई होंगी , इसे नकारा नहीं जा सकता लेकिन उनका देश प्रेम सदैव सबके लिए शिक्षाप्रद रहेगा।
उस समय से आज के बच्चों का मेलजोल नहीं है। आज तो जैसे उनका बचपन ही छिन गया है। ढाई- तीन साल का होते-होते अपने वजन से ज्यादा वजनी बस्ता कंधों और पीठ पर लादे मोंटेसरी स्कूलों की ओर वह चल पड़ता है। आधुनिक शिक्षा और कंपटीशन का उस पर इतना अधिक दबाव है कि वह समझ ही नहीं पाता कि उसका बचपन कब आया और कब निकल गया। इन परिस्थितियों में भी मेरी ओर से देश के सभी नौनिहालों और भावी कर्णधारों को बालदिवस की बहुत-बहुत बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं एवं उनके अभिभावकों के प्रति दो शब्द – “बच्चों का बचपन मत छीनो ,कुछ तो सुख से जी लेने दो।
मत अभिशापित करो बालपन, शैशव का रस पी लेने दो।।
Trending Now
14 नवंबर 2026 दिन शनिवार नेहरू जी का जन्मदिन और बाल दिवस, लेखक : शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी
👁 19K views







