फतेहपुर। स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की ड्यूटी और कार्यप्रणाली को लेकर एक नया मामला सामने आया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित मिले आउटसोर्स कर्मचारी सुफियान के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी सामने आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी को पत्र लिखकर कर्मचारी को वर्तमान तैनाती से हटाने के लिए कहा है।
जानकारी के मुताबिक, बीते 2 नवंबर को सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर का निरीक्षण किया था। इस दौरान आउटसोर्स कर्मचारी सुफियान ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिला। निरीक्षण में मिली अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने संबंधित एजेंसी को पत्राचार कर कर्मचारी को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, अब चर्चा है कि कार्रवाई की जद में आए कर्मचारी सुफियान अपनी वर्तमान तैनाती से हटाए जाने के बीच मलेरिया विभाग में स्थानांतरण कराने की जुगत में जुटे हैं। इस चर्चा के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की तैनाती को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
एक ओर निरीक्षण में अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया, वहीं दूसरी ओर दूसरे विभाग में तैनाती की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है और क्या कर्मचारी को दूसरे विभाग में तैनाती मिलती है या अनुपस्थिति को लेकर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाती है।







