UP news- फतेहपुर जिले में तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है।
घटना 2। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र की है, जहां नंदापुर गांव में 16 वर्षीय अंशिका शुक्ला घर के बाहर सूख रहे कपड़े लेने गई थी। तभी अचानक पास के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की तीव्रता से पेड़ टूटकर अंशिका के ऊपर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना 2 । बकेवर थाना क्षेत्र के मोहीउद्दीनपुर आलमपुर गांव में हुई। यहां 57 वर्षीय राम बाबू अपने मकान की दूसरी मंजिल पर लेटे थे। बारिश और तेज तूफान के कारण मकान की दूसरी मंजिल भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से राम बाबू की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना 3। गाजीपुर थाना क्षेत्र के पाइने गांव की है। यहां 85 वर्षीय मौजी लाल अपने नाती के घर आए हुए थे और घर के बाहर नीम के पेड़ के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी, जिससे मौजी लाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में वहीं मौजूद मैकू (50) और राजेश (24) गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने सभी घटनाओं की जानकारी लेकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है और घायलों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही आपदा राहत के तहत सहायता राशि दिए जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।







