फतेहपुर। जिले के गाजीपुर कस्बे में कथित धर्म परिवर्तन की सूचना पर पुलिस ने रविवार को एक घर में चल रही प्रार्थना सभा पर छापा मारकर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से धार्मिक साहित्य भी बरामद होने की बात सामने आई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जनसेवक धर्मेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस टीम ने गाजीपुर कस्बे के एक मकान में छापेमारी की। छापे के दौरान वहां करीब डेढ़ दर्जन लोग मौजूद मिले, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल थे। आरोप है कि लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्हें गाजीपुर निवासी सूरज गुप्ता द्वारा प्रार्थना सभा में बुलाया जाता था। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि वे पिछले लगभग एक वर्ष से यहां आ रहे थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सूरज गुप्ता और उनके पिता सुरेश गुप्ता लंबे समय से इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस को कथित तौर पर ईसाई धर्म से संबंधित साहित्य भी मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस सभी संबंधित लोगों को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
वहीं, बंवारा गांव निवासी ज्ञानेंद्र सिंह ने गाजीपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।






