फतेहपुर। कक्षा 12वीं के छात्र तेजस्व द्विवेदी उर्फ तेजस की मौत के मामले में पुलिस ने जांच को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। मृतक छात्र के परिजनों की तहरीर पर प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी और विद्यालय प्रबंधक राकेश त्रिवेदी के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक तहरीर 28 अगस्त की दोपहर प्राप्त हुई थी और आवश्यक प्रारंभिक जांच के बाद उसी दिन मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया था। पुलिस ने 24 या 48 घंटे की देरी से एफआईआर दर्ज किए जाने के आरोप को गलत बताया है।
पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है। अभी तक सामने आए CCTV फुटेज में 26 अगस्त को छात्र विद्यालय जाता और स्कूल में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार परीक्षा के दौरान तेजस और उसके एक सहपाठी के पास नकल से संबंधित पर्ची मिलने पर दोनों को परीक्षा कक्ष से बाहर ले जाया गया था। प्रधानाचार्य द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है, जिसका घटनाक्रम CCTV फुटेज में भी दिखाई दे रहा है।
पुलिस के मुताबिक छात्र लगभग 10:30 से 10:45 बजे के बीच विद्यालय से बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके बाद रास्ते में मिले CCTV फुटेज में करीब 11:39 बजे छात्र स्वयं साइकिल चलाकर उस दिशा में जाता नजर आया, जहां बाद में वह मलवां थाना क्षेत्र के सौरा चौकी इलाके में पानी की टंकी के पास अचेत अवस्था में मिला।
करीब 1:40 बजे पुलिस को छात्र के अचेत अवस्था में मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कूल आईडी कार्ड के जरिए छात्र की पहचान की और परिजनों को सूचना दी। छात्र को तत्काल एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऊपरी सीने में कंट्यूजन, पेट के क्षेत्र में चोट और कुछ पसलियों में फ्रैक्चर समेत अन्य चोटों का उल्लेख है। हालांकि प्रारंभिक जांच और उपलब्ध CCTV फुटेज के आधार पर इन चोटों का विद्यालय के अंदर हुई कार्रवाई से कोई प्रत्यक्ष संबंध अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस अब छात्र के स्कूल से निकलने से लेकर अचेत अवस्था में मिलने तक के पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है।
क्राइम सीन का री-क्रिएशन कराया जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर मेडिकल बोर्ड से विशेषज्ञ राय ली जाएगी। पुलिस का कहना है कि विवेचना में जिस भी व्यक्ति के खिलाफ साक्ष्य सामने आएंगे, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
उधर, मामले को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश उत्तम पटेल पार्टी नेताओं के साथ मृतक छात्र के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सांसद ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वह हर स्तर पर उनके साथ खड़े हैं और परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरा प्रयास करेंगे।
अब पुलिस जांच, CCTV फुटेज, क्राइम सीन री-क्रिएशन और मेडिकल बोर्ड की विशेषज्ञ राय से यह साफ होने की उम्मीद है कि छात्र को लगी गंभीर चोटों की वास्तविक वजह क्या थी और उसकी मौत के लिए कौन जिम्मेदार है।
Trending Now
तेजस मौत कांड में नया मोड़, CCTV ने खोले कई राज; प्रधानाचार्य पुलिस हिरासत मेंस्कूल से निकला, फिर साइकिल से पहुंचा सौरा… तेजस की मौत पर अब CCTV खंगाल रही पुलिस सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल ने घर पहुच परिजनों से की मुलाकात
👁 114.1K views







