फतेहपुर। लखनऊ मार्ग स्थित नगर पालिका क्षेत्र की नई बस्ती उधननापुर (सुखदेव नगर) में वर्षों से विद्युतीकरण न होने का मामला एक बार फिर उठाया गया है। उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण खंड फतेहपुर को ज्ञापन सौंपकर बस्ती में जल्द विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि बस्ती में सैकड़ों मकान बने हुए हैं और वर्षों से बड़ी संख्या में लोग निवास कर रहे हैं। क्षेत्र में विद्युत पोल लगाए जाने के बावजूद अब तक बिजली का प्रवाह शुरू नहीं हो सका है। इससे स्थानीय लोगों को पेयजल, शिक्षा, व्यापार और दैनिक जीवन से जुड़ी कई मूलभूत सुविधाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली न होने से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। स्थानीय व्यापार और परिवारों का सामान्य जीवन भी बिजली के अभाव में संकट में है।
उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने विभाग से मांग की कि उधननापुर (सुखदेव नगर) में शीघ्र विद्युत प्रवाह शुरू कराया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को मूलभूत सुविधा मिल सके और विद्युत विभाग को भी राजस्व प्राप्त हो।
इस दौरान स्थानीय निवासी मनोज कुमार गुप्ता, नीरज तिवारी, प्रमोद तिवारी और रिंकू सिंह सहित अन्य लोगों ने भी बस्ती में जल्द विद्युतीकरण की मांग उठाई।
Trending Now
फतेहपुर: उधननापुर (सुखदेव नगर) में बिजली की मांग तेज, व्यापार मंडल ने अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन
👁 13.6K views







