फतेहपुर-जिले के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी और स्कूल प्रशासन की तानाशाही के खिलाफ छात्र-छात्राओं द्वारा किए गए आंदोलन को ‘गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक’ ने अपना पूरा समर्थन दिया है। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने आज कड़ा बयान जारी करते हुए कहा कि सर्वोदय इंटर कॉलेज में हमारे जिले की बेटियों और बेटों को भीषण गर्मी में बिना पंखे के बैठना पड़ रहा है, पीने के साफ पानी के लिए तरसना पड़ रहा है और जर्जर शौचालयों का सामना करना पड़ रहा है, जो बेहद शर्मनाक है। स्कूल प्रशासन सुविधाएं देने में नाकाम है, उल्टा छात्रों से मार्कशीट व जरूरी कागजात देने के नाम पर मनमानी अवैध वसूली कर रहा था जैसा कि बच्चों ने बताया यह बेहद निंदनीय है । बच्चों का यह नारा कि “सुविधाएं नहीं तो फीस किस बात की”, सीधे तौर पर इस कॉलेज की व्यवस्था की पोल खोलता है।हेमलता पटेल ने जिला प्रशासन और डीआईओएस द्वारा मौके पर पहुंचकर सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्रों को दिए गए लिखित आश्वासन (हर क्लास में 4-4 पंखे, RO वाटर कूलर और 1 महीने में नई बेंच-डेस्क) का स्वागत किया, लेकिन साथ ही अधिकारियों को कड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा, “प्रशासन यह न भूले कि गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक सिर्फ कागजी आश्वासनों पर शांत बैठने वाला नहीं है। हमारी टीम सर्वोदय इंटर कॉलेज के एक-एक वादे की कड़ाई से ज़मीनी निगरानी करेगी। अगर तय समय सीमा के भीतर इस स्कूल की हालत नहीं सुधरी, हमारी बेटियों को सुरक्षित माहौल नहीं मिला या फिर से अवैध वसूली की कोशिश हुई, तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक सड़कों पर उतरकर ईंट से ईंट बजा देगा।”पूरे जिले की शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए हेमलता पटेल ने आगे कहा, “प्रशासन केवल किशनपुर मामले को शांत कराकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकता। हमारी यह भी मांग है कि इस घटना से सबक लेकर फतेहपुर जिले के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को देखा जाए हमारे बच्चे स्कूलों में पढ़ाई करने जाते हैं, न कि प्रदर्शन करने को बाध्य होने के लिए। प्रशासन पूरे जिले की स्कूल व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करे।” उन्होंने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि बच्चों के भविष्य और बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Trending Now
फतेहपुर: कागजी आश्वासन नहीं, ज़मीन पर हो काम ; सर्वोदय कॉलेज की बदहाली पर छात्रों के समर्थन में गरजा गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक







