फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार घायल बदमाशों की पहचान समीम और आफताब आलम के रूप में हुई है। दोनों गोकशी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हथगांव थाना क्षेत्र के अम्बापुर रोड स्थित एक बाग के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल अवस्था में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मौके से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक चापड़ और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।






