फतेहपुर। फतेहपुर पुलिस ने पत्रकार शाहिद अली के घर पर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से नाराज होकर आरोपियों ने बदला लेने और इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के खलील नगर में 2 जुलाई की रात अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार शाहिद अली के घर पर फायरिंग कर दी थी। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने राहिल हसन और अजीम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अर्सलान नाम के युवक ने पहले राहिल हसन के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर अर्सलान और उसके दोस्तों द्वारा लगातार टिप्पणियां की जा रही थीं, जिससे आरोपी नाराज थे।
इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने साजिश रची। उन्होंने एक परिचित से बहाने से स्कूटी ली और शाहिद अली के घर पहुंचे, जहां अर्सलान किराए पर रहता था। स्कूटी अजीम चला रहा था, जबकि पीछे बैठे राहिल हसन ने तमंचे से फायर कर दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






