फतेहपुर। पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की मासिक बैठक रविवार को ईएस कोचिंग सेंटर, एज टावर में मास्टर वारंट ऑफिसर आर.के. विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान सेना के खिलाफ कथित रूप से की गई अभद्र टिप्पणियों और गाली-गलौज की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिक माइनस 53 डिग्री तापमान जैसी विषम परिस्थितियों में अपने प्राणों की बाजी लगाकर देश की रक्षा करते हैं और सर्वोच्च बलिदान देते हैं। ऐसे वीर जवानों का सम्मान करने के बजाय उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों से पूरे देश का सम्मान विश्व पटल पर प्रभावित होता है।
बैठक में पूर्व सैनिकों ने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल करने तथा भारत माता और सेना के खिलाफ कथित आपत्तिजनक नारे लगाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि कानून के अनुसार दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना दोबारा न हो।
बैठक में रंजना कक्कड़, जागृति तिवारी, सुनीता यादव, राजेश शुक्ला, प्रेम सागर शुक्ला, चंद्रमणि द्विवेदी, विनोद कुमार मिश्रा, विमलेश त्रिवेदी, जगदेव पाल, रामदीन, चांद मोहम्मद, देवेंद्र कुमार शुक्ला, आर.आर. अवस्थी, लखन लाल विश्वकर्मा, राम सजीवन, हीरालाल यादव, देवनारायण, बाजपेई, फूल सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
Trending Now
फतेहपुर: पूर्व सैनिकों में जंतर-मंतर घटना को लेकर आक्रोश, सेना के अपमान पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
👁 26.3K views







