फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां एनएच-2 पर एक ट्रक से टूरिस्ट बस टकरा गई। इस हादसे में कंडक्टर समेत 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। इसके साथ ही बस के करीब 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
यह हादसा रविवार तड़के हुआ। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा कि टूरिस्ट बस ओवरटेक करते समय ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसा खागा कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर मोड के पास प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर हुआ।
गाजियाबाद से वाराणसी जा रही थी बस
टूरिस्ट बस गाजियाबाद से वाराणसी जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से फतेहपुर सीएचसी पहुंचाया। इस हादसे को लेकर कस्बा इंचार्ज गिरीश द्विवेदी ने बताया कि बस करीब 80 किमी की स्पीड से जा रही थी। इसी दौरान ओवरटेक करते समय हादसा हो गया।
हादसे में 2 लोगों की मौत
बताया जा रहा कि ओवरटेक करने के दौरान बस का बायां हिस्सा ट्रक से टकरा गया। इस दौरान बस की ऊपरी सीट पर सो रही नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के करबल नगर के रहने वाले आशीष कुमार और फतेहपुर के रहने वाले आशीष गुप्ता की मौत हो गई। आशीष कुमार बस में कंडक्टर का काम करते थे।
जानिए घायलों में कौन-कौन शामिल
घायलों में पवन कुमार (सुल्तानपुर), मनोज कुमार (आगरा), अशोक विश्वकर्मा (वाराणसी), अभिनव पांडेय (दिल्ली), आदित्य शर्मा (दिल्ली), संजना सिंह (वाराणसी), रीता वर्मा (नोएडा), अनुज कुमार (नोएडा), धर्मेंद्र सिंह (प्रयागराज), सुरेंद्र सिंह (प्रयागराज), रेनू सिंह (प्रयागराज), पूनम जायसवाल (भाओपर, एमपी), द्रवादय प्रसाद (सिमरौली) घायल हैं। खागा सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सीय टीम ने अतिरिक्त बस चालक समेत 6 यात्रियों को गंभीर चोट होने पर मेडिकल कालेज के लिए रेफर किया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार है।







