फतेहपुर। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के संगोलीपुर मड़ैयन गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते एक ही परिवार के आठ घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घरों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और तेज हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक के बाद एक सभी घर जलते चले गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आठों घर पूरी तरह जलकर बर्बाद हो चुके थे।
अग्निकांड में घरों में रखा अनाज, कपड़े, घरेलू सामान, नकदी और जरूरी दस्तावेज भी जल गए। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।






